वॉशिंगटन: ईरान के साथ जारी संघर्ष अमेरिका के लिए आर्थिक रूप से बेहद महंगा साबित हो रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युद्ध के शुरुआती छह दिनों में ही अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने सांसदों को जानकारी दी कि इस संघर्ष पर करीब 11.3 अरब डॉलर खर्च किए जा चुके हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस युद्ध में सैकड़ों टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है। एक टॉमहॉक मिसाइल की कीमत लगभग 35 लाख डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपये) बताई जा रही है, जिससे कुल खर्च तेजी से बढ़ा है।
जैसे-जैसे यह संघर्ष लंबा खिंच रहा है, अमेरिका का दैनिक खर्च भी लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुमान के अनुसार, मौजूदा समय में यह युद्ध अमेरिका को हर दिन करीब 385 मिलियन डॉलर (3500 करोड़ रुपये से अधिक) का खर्च करा रहा है।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान के कमजोर पड़ते डिफेंस सिस्टम की वजह से अब खर्च में कुछ कमी देखने को मिल रही है। रक्षा विभाग के अनुसार, ईरान की ओर से किए जाने वाले ड्रोन और मिसाइल हमलों में लगभग 90% की गिरावट आई है।
इसके बावजूद, यह संघर्ष अमेरिका की अर्थव्यवस्था और रक्षा बजट पर लगातार भारी दबाव बना रहा है।