आंध्र प्रदेश के लिए एक बड़ी प्रशासनिक और राजनीतिक उपलब्धि सामने आई है। अब अमरावती को राज्य की आधिकारिक और स्थायी राजधानी का दर्जा मिल गया है। इस संबंध में भारत सरकार ने सोमवार को गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
यह महत्वपूर्ण फैसला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी के बाद लागू किया गया। इसके साथ ही लंबे समय से चल रही राजधानी को लेकर अनिश्चितता अब खत्म हो गई है।
राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फैसले की पुष्टि की।
मुख्यमंत्री नायडू ने अपने संदेश में कहा कि यह फैसला आंध्र प्रदेश के लोगों के लिए एक सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का धन्यवाद करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपना वादा निभाया और राज्य के विकास के लिए मार्गदर्शन दिया, जिससे अमरावती को स्थायी राजधानी का दर्जा मिल सका।